भव्य स्वागत और सम्मान के बीच चमकी खुशबू यादव की प्रतिभा, राष्ट्रीय मंच पर लायी तृतीय स्थान

बलिया (दलन छपरा): प्रतिभा किसी समय या स्थान की मोहताज नहीं होती, यह सत्य दलन छपरा की सातवीं कक्षा की छात्रा खुशबू यादव ने साबित किया। कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल कर खुशबू ने न केवल अपने गाँव, बल्कि पूरे बलिया जनपद और प्रदेश का नाम रौशन किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया।

शनिवार को उनके गाँव में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में खुशबू का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। 

इस समारोह को यादगार बनाने में पूर्व प्रधान विद्यासागर यादव का योगदान सबसे उल्लेखनीय रहा। उन्होंने न केवल आयोजन की पूरी योजना और व्यवस्था देखी, बल्कि इस सम्मान समारोह को अपने क्षेत्र के हतोत्साहित और उदास हो चुके युवाओं में प्रेरणा और उत्साह भरने का अवसर भी बनाया।
 
विद्यासागर यादव ने कहा, “हमारे गाँव की यह बेटी साबित करती है कि मेहनत और प्रतिभा से कोई भी ऊँचाई हासिल कर सकता है। यह सम्मान समारोह इसलिए आयोजित किया गया ताकि हमारे युवा भी अपने अंदर विश्वास और उत्साह महसूस करें। मेरे लिए यह गर्व की बात है कि हम अपनी मिट्टी से निकली प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर लाते हैं।”

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, सपा सांसद सनातन पांडे के सुपत्र और पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर पांडे ने कहा, “खुशबू ने अपनी कला के माध्यम से यह साबित कर दिया कि असली प्रतिभा किसी सीमा या समय की मोहताज नहीं होती। उसने राष्ट्रीय मंच पर जिले का नाम रोशन किया है। उसकी पढ़ाई-लिखाई और कला की हर आवश्यकता में हम हमेशा उसके साथ खड़े रहेंगे।”

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री ताड़केश्वर मिश्रा ने कहा, “इस सम्मान और भव्य स्वागत की जितनी सराहना की जाए, कम है। यह वास्तव में दिल को छू लेने वाला पल है।” प्रधानाचार्य अजय यादव ने भी खुशबू को बधाई दी और कहा कि उसकी मेहनत और लगन ने यह सफलता संभव बनाई।
समाजवादी पार्टी के बैरिया विधानसभा अध्यक्ष दशरथ यादव ने भी छात्रा को अंगवस्त्रम, फूल माला और आर्थिक पुरस्कार से सम्मानित किया।

इस अवसर पर सपा प्रदेश सचिव संजय मिश्रा, डॉ. विपुलेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य अजय यादव, रविकांत राय, सुग्रीव पासवान, देव मुनि यादव, सुभाष यादव, बलराम यादव, हृदयानन्द यादव, अप्पू पांडे, ओमप्रकाश यादव, अमित तिवारी, विनय प्रताप समदर्शी और डॉ. दिलीप यादव सहित दर्जनों गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर छात्रा की प्रतिभा की सराहना की। कवि अमित वर्मा ने अपने साहित्यिक शब्दों से समारोह में चार चाँद लगा दिए। हजारों ग्रामीणों ने भी खुशबू का भव्य स्वागत और सम्मान किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक राधेश्याम पांडे ने कुशलता से किया।

खुशबू यादव की यह सफलता केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि यह संदेश है कि सच्ची प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास किसी भी परिस्थिति में अपनी चमक दिखा सकते हैं। और इस भव्य सम्मान समारोह को यादगार बनाने में पूर्व प्रधान विद्यासागर यादव का योगदान और उनकी दूरदर्शिता, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि समारोह न केवल खुशी का अवसर बने बल्कि युवाओं में प्रेरणा और उत्साह का संचार भी हो, हमेशा प्रेरणादायक रहेगा।
टिप्पणियाँ