पूर्वी तूफान न्यूज़
बलिया। "निषाद पार्टी" द्वारा संचालित संवैधानिक अधिकार यात्रा अपने 33वें दिन जनपद बलिया पहुंची। इस यात्रा का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने किया। यात्रा ने जनपद के कई प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया, जिसमें निरीक्षण भवन, रेवती नगर पंचायत, सहतवार, केवरा बाजार, बांसडीह कचहरी, हालपुर, सुल्तानपुर चट्टी, और मुड़ियारी में जनसभा शामिल रही।
यात्रा के दौरान डॉ. निषाद ने बांसडीह में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और मछुआ समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। बलिया में हुए भव्य स्वागत पर उन्होंने समाज का आभार व्यक्त किया और कहा कि निषाद समाज आज भी पार्टी के संकल्प और उद्देश्यों के साथ खड़ा है।
सड़क हादसे पर जताया दुख
31 दिसंबर 2024 की रात देवरिया से बलिया आते हुए खेजुरी थाना क्षेत्र में यात्रा के काफिले का एक वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया। अचानक सड़क पर आए जानवर को बचाने के प्रयास में वाहन खाई में गिर गया। हादसे में महिला मोर्चा की कुछ सदस्य घायल हुईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया। डॉ. निषाद ने कहा कि पार्टी सभी घायलों के साथ खड़ी है और उनका इलाज पूरी तरह पार्टी के खर्च पर कराया जा रहा है।
पत्रकारों से संवाद
डॉ. निषाद ने बताया कि बलिया में निषाद समाज पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि कुछ विरोधी पार्टियां समाज को गुमराह करने की कोशिश करती हैं, लेकिन मछुआ समाज अब सजग है। 2027 के विधानसभा चुनाव में निषाद समाज धोखा देने वालों को सबक सिखाएगा। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में बांसडीह सीट पर पार्टी को मिली जीत इस बात का प्रमाण है कि समाज अब अपने अधिकारों के लिए जागरूक है।
12वां संकल्प दिवस गोरखपुर में आयोजित होगा
डॉ. निषाद ने घोषणा की कि आगामी 13 जनवरी 2025 को निषाद पार्टी का 12वां संकल्प दिवस गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मछुआ समाज के राजनीतिक, आर्थिक, और सामाजिक अधिकारों को लेकर नई रणनीतियों की घोषणा की जाएगी।
कार्यक्रम में मिठाई लाल केवट, कनक पांडेय, देवेंद्र निषाद, शिव नारायण निषाद, डॉ. चंद्रमा कश्यप, हनुमान निषाद, राधे श्याम निषाद, स्वामी नाथ साहनी, श्रीप्रकाश सहनी, रूनी देवी, जनक नंदनी निषाद, और सुमन निषाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बलिया से मऊ के लिए यात्रा रवाना
बलिया में जनसभा और विभिन्न कार्यक्रमों के बाद संवैधानिक अधिकार यात्रा जनपद मऊ के लिए रवाना हो गई। इस यात्रा का उद्देश्य मछुआ समाज को उनके संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण की लड़ाई में संगठित करना है।