रिपोर्ट शशि प्रकाश श्रीवास्तव
नई दिल्ली। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्री चित्रगुप्त अखाड़ा के स्थापना दिवस पर हिंदू महासभा भवन, मंदिर मार्ग, नई दिल्ली में भव्य एवं ऐतिहासिक बैठक आयोजित हुई। अध्यक्षता अखाड़े के संस्थापक, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सनातन सम्राट स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, भगवान के ध्यान एवं मंत्र-जाप से हुआ। “सनातन धर्म की जय” और “भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की जय” के नारों के बीच स्वामी विवेकानंद व महर्षि महेश योगी के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। सहभोज एवं प्रसाद वितरण से सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
बैठक में तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए—
बांग्लादेश, पाकिस्तान सहित अन्य देशों में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरुद्ध भारत सरकार द्वारा संयुक्त राष्ट्र सहित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सशक्त पहल की माँग।
भारतीय मुद्रा पर स्वामी विवेकानंद एवं महर्षि महेश योगी के चित्र अंकित किए जाने का प्रस्ताव।
न्यायालय परिसरों में विदेशी प्रतीकों के स्थान पर भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज के चित्र/प्रतिमा की स्थापना का प्रस्ताव।
संगठनात्मक निर्णय के तहत श्री चित्रगुप्त अखाड़ा की दिल्ली इकाई के अंतर्गत 9 जिलों का गठन किया गया।
इस अवसर पर अखाड़े का नवीन कैलेंडर विमोचित किया गया तथा भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज के चित्र अंकित 108 चांदी के सिक्कों का वितरण किया गया। यह वितरण प्रमुख सचिव श्री वेद आशीष जी की ओर से स्वामी चक्रपाणि जी महाराज द्वारा किया गया।
सम्मान समारोह में गाजियाबाद से अनुरंजन श्रीवास्तव जी को विशेष सम्मान, जबकि ब्रह्मऋषि जय गोविंदाचार्य जी, श्री नंदकुमार झा, श्री राजकुमार बबलू एवं श्री राजेंद्र मुरथलीय जी को सनातन रत्न सम्मान प्रदान किया गया।
बालक वसु श्रीवास्तव को मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। डॉ. अरुण सिन्हा जी को चिकित्सा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उत्तराखंड से हिंदू युवा नेता चेतन शर्मा जी सहित अन्य युवाओं को भी आशीर्वाद दिया गया।
स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने महामंत्री जगद्गुरु स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्त जी महाराज द्वारा संचालित उत्तराखंड यात्रा की सराहना करते हुए 15 जनवरी को नैनीताल पहुँचने की घोषणा की।
बैठक में राष्ट्रभक्त पूर्व सांसद कैलाश नारायण सारंग जी की प्रतिमा से छेड़छाड़ की कड़ी निंदा की गई। पूर्व प्रधानमंत्री के निजी सचिव एच. एन. शर्मा जी सहित वक्ताओं ने स्वामी जी की राष्ट्रवादी भूमिका की प्रशंसा की।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री कुलदीप श्रीवास्तव को विशेष आशीर्वाद देते हुए स्वामी जी ने शीघ्र “हिंदू स्वाभिमान यात्रा” निकालने की घोषणा की, जिसकी शुरुआत मध्य प्रदेश से होगी और संयोजक श्री वेद आशीष जी होंगे।
उल्लेखनीय है कि श्री चित्रगुप्त अखाड़े की स्थापना 12 जनवरी 2025 को हुई थी। कार्यक्रम में मेरठ से रमेश श्रीवास्तव सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। यह जानकारी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री कुलदीप श्रीवास्तव ने दी।