दुबहड़ में खिचड़ी सहभोज व कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित, परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह रहे मुख्य अतिथि


रिपोर्ट: पवन कुमार गुप्ता 

दुबहड़। स्थानीय क्षेत्र के दुबहड़ मिल्की गांव स्थित वेरेण्यम इंटरनेशनल स्कूल परिसर में भाजपा दुबहड़ मंडल द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के तत्वावधान में खिचड़ी सहभोज एवं कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह उपस्थित रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं जरूरतमंद लोगों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं तथा अपने विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान क्षेत्र की जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है। मंत्री ने बताया कि उन्होंने चुनाव के समय 16 विकास कार्यों की घोषणा की थी, जिन्हें क्रमबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा गया है। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी समय में क्षेत्र के विकास के लिए 16 और नए कार्य किए जाएंगे।
दयाशंकर सिंह ने उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों की महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के आवास, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा, मुफ्त राशन वितरण, पेंशन योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है और सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान हजारों चिन्हित पुरुषों एवं महिलाओं के बीच कंबल का वितरण किया गया। कंबल वितरण के लिए पहले से पात्र लाभार्थियों को टोकन वितरित किए गए थे, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया। कंबल पाकर जरूरतमंद लोगों ने खुशी जाहिर की और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर खिचड़ी सहभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें दही-चूड़ा और खिचड़ी परोसी गई। हजारों लोगों ने एक साथ बैठकर सहभोज का आनंद लिया, जिससे आयोजन में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देखने को मिला।
कार्यक्रम में हर्ष प्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख देवनारायण सिंह, पुन्ना सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ज्ञानेंद्र राय गुड्डू, भाजपा दुबहड़ मंडल अध्यक्ष रिंकू दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित कुमार दुबे, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आदर्श प्रताप सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विवेक पाठक, पूंजी पाठक, हरिशंकर, प्रमोद पांडे, कमलेश पांडे, सुधीर पांडेय, विजय प्रताप सिंह, कमलेश पांडेय, विवेक सिंह, चेतन गुप्ता सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रिंकू दुबे ने की तथा संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद कुमार पांडे द्वारा किया गया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान दुबहड़ पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रही। पुलिस बल ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।
टिप्पणियाँ