डीएम ने बाढ़ राहत केंद्र का किया निरीक्षण, भोजन वितरण में लापरवाही पर जताई नाराजगी
बलिया।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन वितरण की समय-सारणी की जानकारी ली, जहां पता चला कि लंच दोपहर 2 बजे भेजा जाता है। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि –

नाश्ता सुबह 8 बजे तक,

दोपहर का भोजन 12 बजे तक,

रात्रि भोजन 7 बजे तक हर हाल में बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध हो।

उन्होंने चेताया कि भोजन में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

डीएम ने खुद भोजन चखकर गुणवत्ता की जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाना स्वादिष्ट, स्वच्छ और संतुलित हो, तभी वितरित किया जाए।

उन्होंने कहा कि राहत सामग्री व खाद्य किट की कोई कमी नहीं है और हर जरूरतमंद को बिना भेदभाव राहत मिलनी चाहिए। वितरण के लिए पूर्व में सूची तैयार रखने के निर्देश भी दिए, ताकि कोई पीड़ित वंचित न रह जाए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ओजस्वी राज समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ