रिपोर्ट बसंत कुमार सिन्हा
रेवती विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुशहर में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हृदया वर्मा के नेतृत्व में योजनाबद्ध ढंग से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। भेंटवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि पंचायत में पूर्व से निर्मित ग्राम सचिवालय का मरम्मत एवं सुंदरीकरण कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यह कार्य सरकार की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र का भी मरम्मत कर नियमित संचालन सुनिश्चित किया गया है, जिससे छोटे बच्चों और महिलाओं को सुविधाएं मिल रही हैं। पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आरआरसी सेंटर का निर्माण कराया गया है तथा कूड़ा ढोने के लिए वाहन की व्यवस्था की गई है।
सामुदायिक शौचालय के संबंध में प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि इसका निर्माण वर्तमान कार्यकाल से पूर्व हुआ था और इसकी स्थिति को लेकर ग्रामीणों की कुछ व्यवहारिक आपत्तियां हैं। इसे देखते हुए पंचायत स्तर पर समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शौचालय का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित हो सके और खुले में शौच की समस्या समाप्त हो।
पंचायत के तिवारी टोला में लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान करते हुए अतिक्रमण हटवाकर उप जिलाधिकारी के सहयोग से पैमाइश कराई गई और आवागमन के लिए रास्ता खुलवाया गया। यह कार्य ग्राम प्रधान की सक्रिय पहल का परिणाम है, जिससे वर्षों से परेशान ग्रामीणों को राहत मिली है।
छपरहा टोला में जल निकासी की समस्या को अंडरग्राउंड नाली बनवाकर दूर किया गया है, वहीं गोवास पासवान बस्ती में ढक्कन सहित पक्की नाली का निर्माण कराया गया है।
पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में लगभग एक किलोमीटर पक्की नाली, 20 सोखता, 12 हैंडपंप रीबोर तथा करीब 600 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जा चुका है। इसके अतिरिक्त दो चबूतरे का भी निर्माण कराया गया है।
गौवंश संरक्षण को लेकर भी पंचायत गंभीर है। गौशाला के संचालन के लिए तीन कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जहां वर्तमान में लगभग 55 गोवंश सुरक्षित हैं। गोवंश के चारे की पर्याप्त व्यवस्था के लिए ग्राम प्रधान द्वारा अपने निजी खेत में चारा बोया गया है, जिससे पशुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अंत में प्रधान प्रतिनिधि हृदया वर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे, यही उनका संकल्प है और शेष समस्याओं के समाधान के लिए भी निरंतर प्रयास जारी हैं।