रिपोर्ट बसंत कुमार सिन्हा
रेवती विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आसमानठोठा भले ही आबादी के लिहाज से छोटी पंचायत हो, लेकिन यहां कराए गए विकास कार्य ज़मीनी स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। संपर्क मार्ग, विद्यालय, नाली और सचिवालय जैसे बुनियादी ढांचे के कार्यों से पंचायत की तस्वीर बदलती नजर आ रही है।
इसी क्रम में ग्राम प्रधान राम बहादुर चौरसिया ने बताया कि ग्राम पंचायत भवन सह ग्राम सचिवालय का निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया गया है। उद्घाटन के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उद्घाटन होते ही ग्राम पंचायत के लोगों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही छत के नीचे मिलना शुरू हो जाएगा।
आवागमन को सुगम बनाने के लिए मेन रोड से उदहा जाने वाली सड़क से आसमानठोठा गांव तक संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया है। वहीं मेन रोड से बसफोर बस्ती होते हुए चौहान बस्ती तक कच्ची सड़क का कार्य कराकर ग्रामीणों को आवागमन में राहत दी गई है।
पंचायत क्षेत्र में पक्की नालियों एवं इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण कराया गया है।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कायाकल्प योजना के अंतर्गत विद्यालय की बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया। इसके साथ ही मेन रोड से विद्यालय तक सीसी रोड बनवाया गया है, जिससे बच्चों और अभिभावकों को सुविधा मिली है।
विद्यालय परिसर को सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए भव्य मुख्य गेट का निर्माण कराया गया है, जो पंचायत में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके अतिरिक्त विद्यालय से खेल मैदान तक जाने के लिए अलग गेट की व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चों को खेलकूद के लिए सुरक्षित मार्ग मिल सके।
सामुदायिक शौचालय एवं आरआरसी सेंटर के संबंध में ग्राम प्रधान ने बताया कि भूमि के अभाव में इन योजनाओं को अभी लागू नहीं किया जा सका है। इसके बावजूद स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कूड़ा ढोने वाली गाड़ी की खरीदारी कर ली गई है।
अंत में ग्राम प्रधान राम बहादुर चौरसिया ने कहा कि उनका प्रयास है कि ग्राम सभा का कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे और सीमित संसाधनों के बावजूद पंचायत का सतत विकास होता रहे।