रिपोर्ट बसंत कुमार सिन्हा
दुबहड़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमरी में प्रधान प्रतिनिधि भीम प्रसाद के नेतृत्व में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। पंचायत में अन्नपूर्णा भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है और उसके उद्घाटन के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचना भी दे दी गई है, जिससे शीघ्र ही यह भवन आमजन के उपयोग में आ सकेगा।
स्वच्छ भारत मिशन को प्रभावी रूप से लागू करते हुए ग्राम पंचायत में आरआरसी सेंटर का निर्माण कराया गया है। साथ ही कचरा निस्तारण को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से कूड़ा उठान वाहन की भी खरीद की गई है, जिससे गांव में स्वच्छता व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर हुई है।
प्रधान प्रतिनिधि भीम प्रसाद ने बताया कि ग्राम पंचायत भवन में युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए डिजिटल लाइब्रेरी सिस्टम स्थापित करने की योजना है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे।
गांव में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सामुदायिक शौचालय का निर्माण बस्ती के समीप कराया गया है, जिसका ग्रामीण नियमित उपयोग कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त पंचायत क्षेत्र में नाली, सड़क एवं खड़ंजा निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य संपन्न कराए गए हैं।
डुमरी से घघरौली तक सीसी सड़क का निर्माण कर पंचायत को मुख्य मार्ग से जोड़ा गया है, वहीं डुमरी से सरैया तक सीसी सड़क एवं ढक्कन सहित पक्की नाली का निर्माण कर विभिन्न ग्राम पंचायतों के बीच आवागमन को सुगम बनाया गया है। जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भूमिगत नाली का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली है।
स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर भी प्रधान प्रतिनिधि सजग नजर आ रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी महोदय से ग्राम पंचायत डुमरी में स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध हो सकें।
प्रधान प्रतिनिधि भीम प्रसाद ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास रहता है कि ग्राम पंचायत का प्रत्येक पात्र व्यक्ति सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो और गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ा रहे।