रिपोर्ट- बसंत कुमार सिन्हा
दुबहड़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घघरौली में विभिन्न विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि मनोज बिंद ने बताया कि पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था के तहत आरआरसी सेंटर एवं कूड़ा उठान वाहन की सुविधा उपलब्ध है, जिससे कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत भवन के लिए भूमि उपलब्ध है, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए रास्ता न होने की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया गया है और रास्ता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यों की चर्चा करते हुए प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि ग्राम पंचायत में स्थित काली मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। यह मंदिर ग्रामीणों की गहरी आस्था से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार इस मंदिर में जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से मन्नत मांगते हैं, उनकी मनोकामना पूर्ण होती है।
ग्राम पंचायत में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। मेन रोड से गांव के मध्य तक सीसी रोड तथा ढक्कन सहित पक्की नाली का निर्माण कराया गया है। यह मार्ग कई गांवों एवं ग्राम पंचायतों को जोड़ने का कार्य करता है। इसके अलावा मेन रोड से प्राथमिक विद्यालय घघरौली तक सड़क का निर्माण कराया गया है, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों को काफी सुविधा मिली है।
जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए अंडरग्राउंड नाली का निर्माण कराया गया है, जिससे पानी की निकासी सुचारू हो सकी है। वहीं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के विषय में उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
अंत में प्रधान प्रतिनिधि मनोज बिंद ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के एक छोटे कार्यकर्ता हैं और उनका निरंतर प्रयास रहता है कि ग्राम पंचायत के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।