बलिया। जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर कड़ी नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में डीएम ने गैस एजेंसी प्रतिनिधियों से कहा कि वे उपभोक्ताओं को जागरूक करें तथा गैस बुकिंग के लिए शासन द्वारा निर्धारित समय अंतराल की जानकारी दें। उन्होंने निर्देश दिया कि बुकिंग से पहले यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ता ने हाल ही में सिलेंडर बुक तो नहीं कराया है, ताकि कालाबाजारी या अनियमितता की स्थिति न बने।
पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया गया कि पेट्रोल और डीजल केवल वाहनों में ही दिया जाए। किसी भी ड्रम या कंटेनर में ईंधन न दिया जाए, क्योंकि इससे अफवाह फैलने की संभावना रहती है।
बैठक के दौरान गैस एजेंसियों से आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली गई, जिस पर सभी एजेंसियों ने बताया कि जनपद में गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से हो रही है। जिले में कुल 54 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और सभी स्थानों पर पर्याप्त गैस उपलब्ध है।
डीएम ने होम डिलीवरी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा जरूरतमंद उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही एजेंसी संचालकों से कहा कि वे उपभोक्ताओं को मैसेज के माध्यम से गैस की उपलब्धता और कीमत की जानकारी दें, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न रहे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि एजेंसी संचालक अपने-अपने क्षेत्र के थानाध्यक्ष और एसडीएम के संपर्क में रहें तथा जहां होम डिलीवरी में समस्या हो, वहां प्रशासन और पुलिस की मदद से व्यवस्था सुनिश्चित करें। कमर्शियल गैस सिलेंडर में कालाबाजारी या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग से मिड डे मील के लिए गैस की उपलब्धता के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए ‘इंडियन ऑयल वन’ ऐप का उपयोग किया जा सकता है। किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में उसे शीघ्र ठीक कराया जाएगा।
नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। किसी भी समस्या पर नागरिक 05498-220832 और 05498-220235 नंबर पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।