भोपालपुर ग्राम पंचायत में तेजी से हो रहा विकास कार्य: डॉ. अजीत चौधरी

बलिया। विकासखंड रेवती अंतर्गत ग्राम पंचायत भोपालपुर के प्रधान प्रतिनिधि डॉ. अजीत चौधरी ने भेंटवार्ता में कहा कि ग्राम पंचायत में विकास कार्य तेज गति से कराए जा रहे हैं, जिसका प्रभाव धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी व संचालन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, पश्चिम प्राथमिक विद्यालय और पूर्वी प्राथमिक विद्यालय में कायाकल्प योजना के तहत सभी आवश्यक बिंदुओं पर कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। साथ ही विद्यालय के छात्र सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जीत भी हासिल कर रहे हैं।
डॉ. चौधरी ने बताया कि ग्राम पंचायत के कई ऐसे पुरवे थे जहां पैदल चलना भी कठिन था। इसे देखते हुए विशेष प्रयास से दीनानाथ गोंड के घर से हरिहा संपर्क मार्ग तक मिट्टी डालकर रास्ता बनाया गया, जिससे ग्रामीणों को दूसरे पंचायत और मुख्य मार्ग तक आने-जाने में सुविधा हो रही है। इसके अलावा मुन्ना पांडेय के घर से राम बहादुर पांडेय के घर तक कच्चा रास्ता, परमात्मा यादव के घर से श्रीपत यादव के घर तक लगभग 300 मीटर मिट्टी का कार्य कर रास्ता बनाया गया। वहीं मनोज यादव के खेत से राधा मोहन यादव के घर होते हुए जनार्दन यादव के घर तक भी रास्ते का निर्माण कराया गया, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में सुविधा हो गई है।
उन्होंने बताया कि यह पंचायत आर्सेनिक प्रभावित क्षेत्र है। इसी को देखते हुए यहां आरओ प्लांट लगाया गया है, जिससे आसपास के ग्रामीणों को आर्सेनिक मुक्त शुद्ध पानी मिल सके।
गांव के बाहर दो चबूतरों का भी निर्माण कराया गया है। इनमें से एक चबूतरा टहलने आने वाले महिला-पुरुषों के बैठने के लिए बनाया गया है। वहीं दूसरे चबूतरे पर टीन शेड लगाया गया है, जिससे पशुपालक, चरवाहों और शवदाह के लिए आने वाले लोगों को बैठने और छाया की सुविधा मिल सके।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक शौचालय का निर्माण भी कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए न जाना पड़े। अन्नपूर्णा भवन और आरआरसी केंद्र के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि भूमि के अभाव के कारण अभी तक इसका निर्माण नहीं हो सका है। यदि योजना के तहत चयन होता है तो ग्रामीणों के सहयोग से भूमि उपलब्ध कराकर इसका निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. चौधरी ने बताया कि पंचायत में चकबंदी न होने के कारण सरकारी भूमि का सीमांकन नहीं हो पाया है, जिससे सरकारी भवनों के निर्माण में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने आगे बताया कि पंचायत में खेल मैदान और व्यायामशाला बनाने की योजना है, जिससे युवा वर्ग खेलकूद और शारीरिक अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता भी ग्राम प्रधान रह चुके हैं और उन्होंने पंचायत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके द्वारा अपनी निजी भूमि पर एएनएम सेंटर और आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया गया है, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है।
अंत में डॉ. अजीत चौधरी ने कहा कि पंचायत के सभी पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और पंचायत का समग्र विकास हो, इसके लिए वे संकल्पित हैं।

टिप्पणियाँ