दुबहड़ (बलिया)। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुबहड़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय पाल की सक्रियता और कुशल नेतृत्व की सराहना की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर मोहम्मद उस्मान के नेतृत्व में दुबहड़ थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और एक बाल अपचारी को कब्जे में लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जमशेद शेख पुत्र आसिक शेख निवासी ग्राम संवरुबाध थाना दुबहड़ जनपद बलिया तथा शहजाद उर्फ बुलेट पुत्र अमीन शेख निवासी ग्राम संवरुबाध थाना दुबहड़ जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने एनएच-31 के पास से इन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। बरामदगी में लगभग 116.390 ग्राम सोना तथा करीब 1.549 किलोग्राम चांदी के जेवर शामिल हैं। इसके अलावा 17,200 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
बरामद आभूषणों में जमशेद शेख के पास से लगभग 47.207 ग्राम सोना और करीब 668 ग्राम चांदी, शहजाद उर्फ बुलेट के पास से करीब 33.830 ग्राम सोना और लगभग 462 ग्राम चांदी, जबकि बाल अपचारी के पास से लगभग 35.300 ग्राम सोना तथा करीब 419 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में थाना दुबहड़ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय पाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक राजबहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह, कांस्टेबल विपिन कुमार पटेल, कांस्टेबल शशिकांत भारती तथा चालक कांस्टेबल प्रेमचन्द्र यादव शामिल रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से कार्रवाई को सफल बनाया।