धूमधाम से मनाया गया सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दलनछपरा का स्थापना दिवस

बलिया। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दलनछपरा (दोकटी) का स्थापना दिवस उत्साह, गरिमा एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भूमि विकास बैंक, बलिया के चेयरमैन श्री परमेश्वर गिरि ने दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य वक्ता के रूप में समाजसेवी डॉ. विपुलेन्द्र प्रताप सिंह ने विद्यालय की शैक्षिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश में स्थित यह विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का विकास कर रहा है।

कार्यक्रम का संचालन स्वयं प्रकाश गुप्ता एवं खुशबू शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर छात्राओं ने “ऑपरेशन सिंदूर” विषय पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा तैयार शैक्षणिक व रचनात्मक सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने विभिन्न मॉडल एवं प्रयोग प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि एवं विद्यालय प्रबंधक कन्हैया सिंह, प्रधान संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष व ग्राम पंचायत सोनबरसा के पूर्व प्रधान दिनेश्वर गिरि सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ