दुबहर। क्षेत्र के शिवपुर दियर नई बस्ती ब्यासी स्थित उधोदास की मठिया पर आयोजित ‘शतचंडी महायज्ञ’ का शुभारंभ रविवार को भव्य ध्वजारोहण एवं नगर भ्रमण के साथ हुआ। गाजे-बाजे, शंखध्वनि और गगनभेदी जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में क्षेत्र की परिक्रमा की।
महायज्ञ के आचार्य वासुदेवाचार्य के कृपापात्र शिष्य श्रीप्रकाश महाराज ने ध्वजारोहण के उपरांत श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि शतचंडी महायज्ञ से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है तथा सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना जागृत करना और मानव कल्याण की भावना को सुदृढ़ करना है।
यज्ञ समिति के अध्यक्ष भगवान जी मिश्रा ने बताया कि महायज्ञ के माध्यम से समाज में शुद्ध आचरण और सात्विक जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने महायज्ञ की अवधि के दौरान तथा उसके पश्चात मांस, मदिरा और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
समिति के वरिष्ठ सदस्य गणेश जी सिंह ने सफल ध्वजारोहण के लिए सभी ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, विधिवत पूजा-पाठ तथा विद्वान कथावाचकों द्वारा प्रवचन आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का वातावरण आध्यात्मिक बना रहेगा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव, पूर्व प्रधान पिंटू मिश्रा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पवन गुप्ता, राजू मिश्रा, राहुल मिश्रा, बसंत सिंह, सुजीत सिंह, अवध कुमार तिवारी, कामेश्वर पांडेय, नीरज सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।