रिपोर्ट- शशि प्रकाश श्रीवास्तव
नई दिल्ली | संत महासभा के संस्थापक परम पूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने सुरेन्द्र कुमार जोशी को संत महासभा, नेपाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का दायित्व प्रदान किया। यह नियुक्ति हिंदू महासभा–संत महासभा के केंद्रीय कार्यालय, मंदिर मार्ग, नई दिल्ली में आयोजित एक विधिवत समारोह के दौरान संपन्न हुई।
समारोह में स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने श्री जोशी को आशीर्वाद स्वरूप फटका (अंगवस्त्र) पहनाकर दायित्व सौंपा। कार्यक्रम में संत समाज के गणमान्य सदस्य, पदाधिकारीगण एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
श्री जोशी ने पूर्व में विधिवत सदस्यता ग्रहण की थी। तत्पश्चात केंद्रीय कार्यालय मंत्री पंडित दीपक शास्त्री द्वारा उन्हें शपथ दिलाई गई। उपस्थित महानुभावों ने उन्हें नवीन दायित्व के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
अपने संबोधन में स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कहा कि नेपाल एक धर्मप्रधान एवं सांस्कृतिक रूप से गौरवशाली राष्ट्र है। उन्होंने कामना व्यक्त की कि भगवान पशुपतिनाथ की पावन कृपा संपूर्ण विश्व पर बनी रहे।
उन्होंने कहा कि संत महासभा की शाखाएँ विश्व के अनेक देशों में सक्रिय हैं तथा संगठन का ध्येय ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को व्यवहारिक रूप देना है। संगठन स्वामी विवेकानंद, स्वामी श्रद्धानंद, महर्षि महेश योगी तथा ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद जैसे महापुरुषों के मानवतावादी एवं सार्वभौमिक विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री सुरेन्द्र कुमार जोशी के नेतृत्व में नेपाल में संत महासभा की गतिविधियाँ और अधिक सशक्त होंगी तथा भारत-नेपाल के आध्यात्मिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगे।