रिपोर्ट बसंत कुमार सिन्हा
बलिया। बलिया जनपद के विकासखंड दुबहर अंतर्गत ग्राम पंचायत उधव दवनी में विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उमाशंकर यादव के नेतृत्व में पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का कार्य निरंतर जारी है।
प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप पंचायत में विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय में बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा कराया गया है, जिससे विद्यालय की सुरक्षा और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित हुआ है। लंबे समय से जल जमाव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए पक्की नाली एवं भूमिगत नाली का निर्माण कराया गया, जिससे पानी निकासी की समुचित व्यवस्था हो सकी है।
स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वच्छ भारत मिशन के तहत आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) निर्माण के विषय में पूछे जाने पर प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि पंचायत में भूमि के अभाव के कारण फिलहाल आरआरसी सेंटर का निर्माण संभव नहीं हो पाया है, लेकिन इसके लिए वैकल्पिक प्रयास जारी हैं।
प्रधान प्रतिनिधि ने एक गंभीर समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के लिए मुख्य मार्ग से लेकर गलियों तक खुदाई की गई, जिससे कई रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। खुदाई के बाद मार्गों की समुचित मरम्मत न होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित कंपनी को निर्देशित कर क्षतिग्रस्त मार्गों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए।
इसके अतिरिक्त पंचायत में राजदेव वर्मा के घर से अरुण सिंह के घर तक इंटरलॉकिंग मार्ग एवं ढक्कन सहित नाली निर्माण का कार्य कराया गया है। बताया गया कि इस बस्ती में लगभग 25 वर्षों से कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ था। प्रधान के विशेष प्रयासों से यह कार्य संभव हो पाया, जिसकी ग्रामीणों द्वारा सराहना की जा रही है।
बरसात के मौसम में पंचायत क्षेत्र में आवागमन की कठिनाइयों को देखते हुए प्रधान प्रतिनिधि ने सोनवानी बसडीह रोड मुख्य मार्ग से उधव दवनी होते हुए पटखौली मार्ग तक पिचिंग कार्य कराने की मांग भी की है, ताकि वर्षा ऋतु में आवागमन सुगम हो सके।
अंत में प्रधान प्रतिनिधि उमाशंकर यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत के सभी पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना ही उनका संकल्प है और वे विकास कार्यों को पारदर्शिता व प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।