12 ज्योतिर्लिंग यात्रा पर निकले युवक की साइकिल दुर्घटनाग्रस्त, यूपी पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल

रिपोर्ट: पवन कुमार गुप्ता
दुबहर (बलिया)। अटूट आस्था और दृढ़ संकल्प के साथ साइकिल से 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए निकले एक श्रद्धालु की यात्रा सोमवार को उस समय बाधित हो गई, जब क्षेत्र के घोड़हरा ढाला के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन उसकी साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक की पहचान रोहित कुमार सिंह पुत्र राजेश सिंह, निवासी खाकी मठिया, बनियापुर प्रखंड, जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई है। वह अपनी साइकिल यात्रा पर थे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल का पिछला हिस्सा पूरी तरह मुड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल गजेंद्र कुमार और कांस्टेबल मनु कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों पुलिसकर्मियों ने न केवल युवक को ढांढस बंधाया, बल्कि मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए सक्रिय सहयोग भी किया।
पुलिसकर्मियों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप पांडे पुत्र अवधेश पांडे ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से साइकिल की मरम्मत कराने में मदद की। सभी का एक ही उद्देश्य था कि युवक का ‘12 ज्योतिर्लिंग दर्शन’ का संकल्प अधूरा न रह जाए।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। लोगों ने रोहित कुमार सिंह के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही, पुलिस के इस मानवीय और संवेदनशील व्यवहार की जमकर सराहना की।
यह घटना न केवल आस्था और संकल्प की मिसाल है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि विपरीत परिस्थितियों में पुलिस और समाज यदि साथ खड़े हों, तो हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।

टिप्पणियाँ
Popular posts
आत्मा योजना के तहत रामपुर में पशुपालक कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, आधुनिक तकनीकों से आय बढ़ाने पर जोर
चित्र
हल्दी में नवागत थानाध्यक्ष राजू कुमार राय की पत्रकारों संग बैठक, पारदर्शिता व त्वरित कार्रवाई पर जोर
चित्र
हल्दी में गोलीकांड से सनसनी, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में हथियारों संग दो वांछित गिरफ्तार
चित्र
बिनहा में विकास की नई पहचान गढ़ रहे प्रधान शुभम पासवान
चित्र