हल्दी में गोलीकांड से सनसनी, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में हथियारों संग दो वांछित गिरफ्तार

रिपोर्ट आतिश उपाध्याय 
हल्दी, बलिया। थाना हल्दी क्षेत्र में सोमवार देर रात आपसी रंजिश को लेकर हुए गोलीकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सोमवार रात लगभग 11:30 बजे की है। ग्राम भरसौता निवासी आयुष सिंह एक मांगलिक कार्यक्रम में भोजन कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह हल्दी चट्टी के समीप पहुंचा, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से आयुष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घायल के पिता अभिमन्यु सिंह की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। इसी क्रम में मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर सोनवानी–बसुधरपाह मार्ग से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल सिंह पुत्र कुंवर प्रवीण सिंह निवासी पश्चिम टोला, हल्दी तथा शिवम सिंह पुत्र नथुनी सिंह निवासी सुल्तानपुर, थाना हल्दी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अतुल सिंह के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जबकि शिवम सिंह के पास से एक नाजायज चाकू मिला।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ पूर्व में भी गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि गोलीकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी फरार आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और मामले की गहन जांच जारी है।

टिप्पणियाँ
Popular posts
आसमानठोठा पंचायत में बुनियादी सुविधाओं पर फोकस, सीमित संसाधनों में भी दिखा विकास कार्य
चित्र
कटान की भेंट चढ़ता शिवाल–गोपालनगर, तीन परियोजनाएं निरस्त, 30 हजार आबादी पर संकट
चित्र
ग्राम पंचायत डुमरी में विकास कार्यों की दिख रही तस्वीर, प्रधान प्रतिनिधि भीम प्रसाद के प्रयासों से बदली स्थिति
चित्र
बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा
चित्र
घघरौली ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की रफ्तार, मंदिर जीर्णोद्धार से लेकर जल निकासी तक हुए कार्य
चित्र