रिपोर्ट बसंत कुमार सिन्हा
रेवती विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बिनहा में प्रधान शुभम पासवान के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई दिशा मिलती दिख रही है। प्रधान ने भेंटवार्ता में बताया कि पंचायत भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जहां ग्राम सचिवालय के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है, ताकि ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए न जाना पड़े। इसके साथ ही अन्नपूर्णा भवन का प्रस्ताव भी स्वीकृति की प्रक्रिया में है और उसके लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत में सड़क और नाली निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया है। मेन रोड से धनेश पासवान के घर तक पट बीम की ढलाई कर साइड वॉल एवं नाली सहित पक्की सड़क का निर्माण कराया गया है, जो गांव का मुख्य संपर्क मार्ग है। इसके निर्माण से आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है।
रामदयाल शर्मा के घर से अमरनाथ वर्मा के घर तक झिक-झाक सीमेंटेड ईंटों से सड़क एवं ढक्कन सहित नाली का निर्माण कराया गया। मुस्लिम बस्ती, जो वर्षों से उपेक्षित थी और जहां जाने के लिए समुचित मार्ग नहीं था, वहां भी पक्के रास्ते का निर्माण कर आवागमन सुगम बनाया गया है।
इसी क्रम में ललन के घर से सुभाष चौहान के घर तक पेवर्स ब्लॉक से सड़क का निर्माण कराया गया है। प्रधान शुभम पासवान ने बताया कि ग्राम पंचायत में अंत्येष्टि स्थल की आवश्यकता को देखते हुए शासन से इसकी मांग भी की गई है।
प्रधान का कहना है कि उनका उद्देश्य ग्राम पंचायत के प्रत्येक नागरिक को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और समग्र विकास सुनिश्चित करना है।