— आतीश कुमार उपाध्याय
हल्दी (बलिया)। हल्दी थाने के नवागत थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने शुक्रवार को स्थानीय पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई व्यवस्था तथा पुलिस–जन सहयोग को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष कार्यशैली उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने पत्रकारों से क्षेत्र की समस्याओं, संवेदनशील स्थलों और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं साझा करने का आग्रह किया, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, नशे के विरुद्ध अभियान चलाने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी विचार-विमर्श किया गया। पत्रकारों ने क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिन पर थानाध्यक्ष ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अंत में उन्होंने कहा कि हल्दी थाना आम जनता और मीडिया के लिए सदैव खुला रहेगा तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में सभी के सहयोग की आवश्यकता है।