— रिपोर्ट: अजय पांडेय, हल्दी
हल्दी (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के हल्दी भदौरिया टोला निवासी एक व्यक्ति ने रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे पंखे के हुक से बेडशीट का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्दी भदौरिया टोला निवासी देव कुमार (42) पुत्र योगेन्द्र राम गुजरात में वेल्डर का कार्य करता था। ग्रामीणों के अनुसार वह 1 जनवरी 2026 को तबीयत खराब होने के कारण गांव आया था और तब से घर पर ही रह रहा था।
घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। उसकी पत्नी लीला देवी (37) खेत में मटर तोड़ने गई थीं तथा पुत्र मिथुन कुमार (13) गांव में ही कहीं गया हुआ था। जब पुत्र घर पहुंचा तो उसने पिता को फांसी के फंदे पर लटका देखा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची हल्दी पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।