बसंत कुमार सिन्हा
बलिया। विकासखंड बांसडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहपुर में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम प्रधान बसंत राम ने भेंट वार्ता के दौरान पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रधान ने बताया कि ग्राम पंचायत में पंचायत भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है और वहां सुचारू रूप से कार्य संचालित हो रहा है। वर्तमान में भवन के रंग-रोगन एवं सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है, ताकि पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए एक व्यवस्थित और आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में इस समय चकबंदी की प्रक्रिया जारी है, जिसके कारण अभी तक सरकारी भूमि स्पष्ट रूप से चिन्हित नहीं हो पाई है। इसी वजह से सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं जैसे अन्नपूर्णा भवन और आरआरसी सेंटर का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। भूमि चिन्हित होते ही इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा।
स्वच्छता को लेकर पंचायत में विशेष ध्यान दिया गया है। सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा चुका है, ताकि ग्रामीण खुले में शौच के लिए न जाएं। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के उद्देश्य से पंचायत क्षेत्र में जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए हैं, जिससे गांव को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने में मदद मिल रही है।
अन्य विकास कार्यों की जानकारी देते हुए प्रधान ने बताया कि बलिया–बांसडीह मुख्य मार्ग से कटहल नाला होते हुए मौहन के घर से बल्केश्वर राम के घर तक झिक-झाक (इंटरलॉकिंग) सड़क का निर्माण कराया गया है। वहीं परमहंस के घर से महेंद्र यादव के घर तक नाली की मरम्मत कर जल निकासी की समस्या का समाधान किया गया है।
ग्राम पंचायत में वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सार्वजनिक स्थानों पर लगभग 13 सोख्ता गड्ढों का निर्माण कराया गया है, जिससे जलभराव की समस्या में काफी राहत मिली है।
अंत में ग्राम प्रधान बसंत राम ने कहा कि ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनका प्रयास है कि पंचायत के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और शाहपुर ग्राम पंचायत विकास एवं स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित हो।