बलिया। ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ बलिया के तत्वावधान में तथा इं. तारकेश्वर पांडेय के आयोजकत्व में ग्राम जनऊपुर में भव्य होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों व ग्रामीणों की भारी उपस्थिति रही और पूरे वातावरण में उत्साह व उमंग का माहौल दिखाई दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बलिया के सांसद सनातन पांडेय रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ भाजपा नेता व भूमि विकास बैंक बलिया के चेयरमैन परमेश्वर गिरि, पूर्व विधायक भगवान पाठक, आदर्श नगर पंचायत चितबड़ागांव के पूर्व चेयरमैन केशरी नंदन त्रिपाठी तथा ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ बलिया के जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों द्वारा भगवान परशुराम के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आयोजक इं. तारकेश्वर पांडेय ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत व सम्मान किया।
स्वागत भाषण ब्रजेश कुमार मिश्रा ने दिया। कार्यक्रम में पारंपरिक फगुआ गीत का सुमधुर गायन आचार्य पं. बागेश शुक्ला और आचार्य पं. रामकुमार शुक्ला ने प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण होली के रंग और पारंपरिक उल्लास से सराबोर हो उठा।
अपने संबोधन में वरिष्ठ भाजपा नेता परमेश्वर गिरि ने कहा कि होली भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जो समाज में प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ हमारी परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं।
मुख्य अतिथि सांसद सनातन पांडेय ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की एकता और भाईचारा हमारी सबसे बड़ी ताकत है तथा ऐसे आयोजन समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में आयोजक इं. तारकेश्वर पांडेय ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।