नलकूप के पास संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर का शव मिलने से सनसनी

हल्दी (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बबुआपुर कठही गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक निजी नलकूप के पास 15 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बबुआपुर गांव के दक्षिण मठिया से सटे एक निजी नलकूप के पास बने चौकी पर किशोर का शव पड़ा हुआ था। मंगलवार की सुबह जब गांव का एक युवक नलकूप पर पहुंचा तो वहां शव देखकर सन्न रह गया। उसने तत्काल इसकी सूचना नलकूप मालिक को दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही बसुधरपाह चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया और शव को कब्जे में लेकर हल्दी थाने भेज दिया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
मृतक की पहचान रितेश उर्फ नक्का यादव (15) पुत्र नंदजी यादव, निवासी बबुआपुर कठही, थाना हल्दी के रूप में हुई। मृतक के पिता ने थाने पहुंचकर शव की पहचान की।
मृतक की मां सोनी देवी ने बताया कि उनका बेटा सोमवार की शाम करीब 5 बजे बारात में जाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसके शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक बलिया कृपा शंकर, क्षेत्राधिकारी बैरिया मुहम्मद फहीम कुरैशी, थानाध्यक्ष हल्दी राजू कुमार राय, दुबहर थानाध्यक्ष अजय पाल, रेवती थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल तथा दोकटी थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि मृतक सात बहनों और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। इनमें से पांच बहनों और एक भाई की शादी हो चुकी है। उसके पिता गांव में ही रहकर कृषि व पशुपालन का कार्य करते हैं।
थानाध्यक्ष हल्दी राजू कुमार राय ने बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
टिप्पणियाँ