दुबहर, बलिया: शहीद मंगल पांडेय राजकीय महिला महाविद्यालय, नगवा में शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा दो पालियों में कड़ी निगरानी के बीच सकुशल, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कराई गई। परीक्षा केंद्र के एक किलोमीटर के दायरे में सभी फोटो कॉपी की दुकानें बंद रखी गईं। इस परीक्षा में विभिन्न जनपदों से आए अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा से पहले प्रवेश द्वार पर सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। परीक्षा के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रथम पाली में 480 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिसमें 324 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 156 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में भी 480 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिसमें 348 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 132 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्र पर दुबहर थानाध्यक्ष अजय पाल, उपनिरीक्षक राजकुमार, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार सहित दुबहर थाना और अन्य थानों के पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी तैनात रहे।