महोत्सव की शोभा बढ़ाने के लिए इक्कीस हजार दीपों से प्रांगण को प्रकाशित किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह द्वारा परिवार सहित काशी से आए विद्वान पंडितों के साथ गंगा आरती की गई, जिसकी आलौकिकता ने श्रद्धालुओं को काशी की गंगा आरती का अनुभव कराया।
वृंदावन से आए कलाकारों ने रासलीला प्रस्तुत की, जबकि स्थानीय बच्चों ने भजन-कीर्तन से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सहतवार के चेयरमैन प्रतिनिधि नीरज सिंह गुड्डू ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "यह सब चैन राम बाबा के आशीर्वाद और क्षेत्र के बुजुर्गों व युवाओं के सहयोग से संभव हो पाया है। आज मैं जो कुछ भी हूं, वह सब चैन राम बाबा के आशीर्वाद, बुजुर्गों के आशीर्वाद और युवाओं के समर्थन का परिणाम है। इस महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्रवासियों की खुशहाली और स्वस्थ जीवन की कामना करना है।"
उन्होंने बताया कि कार्तिक महोत्सव की शुरुआत भजन-कीर्तन और भंडारे के आयोजन से हुई थी, लेकिन सहतवार की अध्यक्ष सरिता सिंह के कहने पर गंगा आरती को भी जोड़ा गया। उन्होंने कहा, "गंगा आरती का अनुभव ऐसा था जैसे संपूर्ण काशी यहां उतर आई हो।"
इस भव्य आयोजन से अभिभूत होकर सपा के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह ने नगर पंचायत सहतवार के अध्यक्ष सरिता सिंह व अध्यक्ष प्रतिनिधि नीरज सिंह गुड्डू के प्रति आभार व्यक्त कर शुभकामनाएं दी।
चैन राम बाबा का यह महोत्सव न केवल श्रद्धा और भक्ति का संगम है, बल्कि क्षेत्र के लोगों को एकजुट करने और उनके कल्याण की कामना का माध्यम भी है। इस आयोजन से घर-घर बाबा का प्रसाद पहुंचा, जो स्वास्थ्य और तरक्की में सहायक माना जाता है।
यह भव्य आयोजन सतवार क्षेत्र में आध्यात्मिकता, सामूहिकता और श्रद्धा की अनुपम मिसाल बन गया। उक्त कार्यक्रम में प्रमुख रूप दिलीप सिंह भी उपस्थित रहे ।