बलिया। राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, हैदराबाद द्वारा प्रायोजित रिवर रैंचिंग कार्यक्रम का आयोजन जनपद बलिया के गंगा नदी स्थित शिवरामपुर घाट पर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय परिवहन मंत्री उ0प्र0 सरकार के प्रतिनिधि श्री धर्मेन्द्र सिंह रहे, जिन्होंने गंगा नदी में दो लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य कार्यकारी अधिकारी विकास मिश्रा द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान श्री मिश्रा ने कहा—
“गंगा नदी में मत्स्य प्रजातियों के संरक्षण और वृद्धि के लिए रिवर रैंचिंग एक अत्यंत प्रभावी कदम है। हमारा लक्ष्य न केवल प्राकृतिक जैव विविधता को सुदृढ़ करना है, बल्कि मछुआ समुदाय की आजीविका को भी स्थायी रूप से सुरक्षित करना है।”
उन्होंने रिवर रैंचिंग के उद्देश्य, मत्स्य सम्पदा के संरक्षण तथा मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपस्थित जनसमूह को प्रदान की।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मुख्य अतिथि एवं सभी गणमान्य व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात विधिवत रूप से मत्स्य अंगुलिकाओं को गंगा नदी में प्रवाहित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर मण्डल मत्स्य कार्यालय आजमगढ़ से दिनेश गुप्ता, ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवनरायण निषाद, स्थानीय मत्स्यपालक एवं मछुआ समुदाय के सदस्य, किसान यूनियन के अध्यक्ष अखिलेश सिंह, श्री धिरेन्द्र राय, सेवानिवृत्त मत्स्य निरीक्षक बी.बी. ओझा, लल्लन प्रसाद तथा मत्स्य विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।