मंगलवार को रामगढ़ गंगा घाट पर होगा अंतिम संस्कार, पत्रकारों ने शोकसभा कर दी श्रद्धांजलि
रिपोर्ट बसंत कुमार सिन्हा
रामगढ़। हिंदुस्तान के वरिष्ठ पत्रकार देवेन्द्र नाथ तिवारी की माताजी विद्यावती देवी (82 वर्ष) पत्नी पंडित गजेन्द्र नाथ तिवारी, निवासी नई बस्ती श्रीनगर (प्रेम नगर बक्शी) का सोमवार की सुबह करीब 9:30 बजे लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।
परिवार के सूत्रों के अनुसार, वे लंबे समय से अस्वस्थ थीं और दिल्ली के चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा था। स्वास्थ्य में निरंतर गिरावट आने के बाद सोमवार की सुबह उन्होंने अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली।
स्वर्गीया विद्यावती देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके दो पुत्र हैं — वरिष्ठ पत्रकार देवेन्द्र नाथ तिवारी और ओम प्रकाश तिवारी।
उनका अंतिम संस्कार मंगलवार की सुबह रामगढ़ गंगा घाट पर किया जाएगा। मुखाग्नि उनके पति पंडित गजेन्द्र नाथ तिवारी देंगे।
इस दुखद समाचार से क्षेत्र के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, बैरिया इकाई की ओर से अध्यक्ष गुप्तेश्वर पाठक के नेतृत्व में रामगढ़ में शोकसभा आयोजित की गई।
शोकसभा में उपस्थित पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिवार को यह अपार दुख सहने की शक्ति मिले।
इस अवसर पर अयोध्या प्रसाद हिंद, सुरेश कुमार मिश्रा, भानु प्रताप सिंह, रविन्द्र नाथ मिश्रा, अनिल सिंह, अर्जुन शाह, बसंत कुमार सिन्हा, सुमित कुमार धोनी, राजन प्रसाद, कौशल पांडे, आनंद पांडे सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।