रिपोर्ट- बसंत कुमार सिन्हा
बांसडीह विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डूहीजान में कराए गए विकास कार्य अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। ग्राम पंचायत में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण कराए गए हैं। इन्हीं कार्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर ग्राम प्रधान अखिलेश पासवान ने एक भेंटवार्ता में विस्तृत जानकारी दी।
ग्राम प्रधान अखिलेश पासवान ने बताया कि ग्राम पंचायत में अन्नपूर्णा भवन का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत में अंत्येष्टि स्थल के लिए भूमि उपलब्ध है, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए मार्ग नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इसके लिए संबंधित विभाग से रास्ता निर्माण की मांग की जा रही है, ताकि आगे कार्य कराया जा सके।
शिक्षा और बच्चों की मूलभूत सुविधाओं पर जोर देते हुए प्रधान ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय डूहीजान में बच्चों को पेयजल की समस्या थी, जिसे देखते हुए हैंडपंप का रिबोर कराया गया है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सका है और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ग्राम पंचायत की जनता को एक ही छत के नीचे सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से पंचायत भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में चबूतरा तथा कुएं के जगत का भी निर्माण कराया गया है, जिससे गांव की सार्वजनिक सुविधाएं और सुदृढ़ हुई हैं।
अन्य विकास कार्यों की जानकारी देते हुए ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण तीन चरणों में कराया गया है। सरकारी ट्यूबवेल के नाली से शांति देवी के घर तक साइडवॉल बनाकर इंटरलॉकिंग, सरकारी ट्यूबवेल से शांति देवी के खेत तक साइडवॉल सहित इंटरलॉकिंग तथा शांति देवी के खेत से कमल वर्मा के खेत तक साइडवॉल बनाकर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है।
वहीं डूहीजान के युवा वर्ग ने ग्राम प्रधान से मांग की है कि खेल के मैदान में पहले से बना शौचालय जर्जर अवस्था में है और उपयोग के योग्य नहीं है। युवाओं का कहना है कि उक्त शौचालय को ध्वस्त कर खेल मैदान को साफ कराया जाए, जिससे वे खेलकूद कर सकें और प्रतियोगिताओं की तैयारी कर सकें।
ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों को लेकर क्षेत्रीय जनता में संतोष का माहौल है।
अवध दुबे, धनजी यादव, शिवकुमार वर्मा, चंद्रमा पासवान, संजय पासवान, कृष्ण यादव, धीरेंद्र खरवार, संजीव कुमार वर्मा, राजाराम यादव सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि यदि ग्राम प्रधान की तरह आम जनता के मत से ब्लॉक प्रमुख का चुनाव होता है, तो वे युवा नेता अखिलेश पासवान को ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ाने के लिए आगे करेंगे।