एस.जी. पब्लिक स्कूल में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी, नन्हें वैज्ञानिकों ने आधुनिक मॉडलों से जीता सबका दिल
दुबहर। स्थानीय क्षेत्र के अड़रा जनाड़ी स्थित एस.जी. पब्लिक स्कूल के प्रांगण में शनिवार को ‘राष्ट्रीय विज्ञान दिवस’ के उपलक्ष्य में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। ‘मेरा युवा भारत केंद्र, बलिया’ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि, पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे मंच बच्चों को किताबी ज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझने और प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनमें जिज्ञासा, आत्मविश्वास तथा समस्या समाधान की क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से न घबराने वाले और निरंतर परिश्रम करने वाले विद्यार्थियों को सफलता अवश्य मिलती है।
प्रदर्शनी में छात्रों ने एक से बढ़कर एक आधुनिक एवं उपयोगी मॉडल प्रस्तुत कर अतिथियों को प्रभावित किया। प्रमुख मॉडलों में कार्बन प्यूरीफिकेशन फैक्ट्री, रेन वाटर हार्वेस्टिंग व आधुनिक सिंचाई तकनीक, भूकंपरोधी अलार्म, वाटर टंकी ओवरफ्लो अलार्म, रोड सेफ्टी मॉडल, मानव हृदय की संरचना, पेंगुइन हाउस तथा शहर और गांव के तुलनात्मक मॉडल शामिल रहे। इन मॉडलों ने उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रबंधक अन्नपूर्णानंद तिवारी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान और तकनीक ही देश के विकास का आधार हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा नगद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया। सामाजिक चिंतक बब्बन विद्यार्थी ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार प्रदान किए और कहा कि निरंतरता ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम का संचालन बब्बन चौबे ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमित दुबे, रामकृष्ण तिवारी, शुभम उपाध्याय, धर्मराज सिंह, परमानंद चौबे, रवीश सिंह, सोमनाथ सिंह, प्रहलाद चौबे, दीपक सिंह, चंदन सिंह, दयाशंकर शर्मा, रणधीर सिंह, दीक्षा चौबे, सलोनी गुप्ता, रितु पांडे, एकता यादव, अनीशा यादव, शबनम आरा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ