रिपोर्ट बसंत कुमार सिन्हा
बांसडीह (बलिया)। विकासखंड बांसडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत अकोल्ही में ग्राम प्रधान मंटू राजभर के नेतृत्व में विकास कार्यों ने नई गति पकड़ी है। एक भेंटवार्ता में प्रधान ने बताया कि ग्राम पंचायत में सड़क और नाली निर्माण को प्राथमिकता देते हुए व्यापक कार्य कराए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन और जल निकासी की समस्याओं से राहत मिली है।
प्रधान ने जानकारी दी कि विजय शंकर के घर से डीह बाबा के स्थान तक तथा फुलेश्वर के घर से राम मूरत के घर तक लगभग 200 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा राम मूरत गोंड के घर से फुलेश्वर गोंड के घर तक लंबे समय से जल जमाव की समस्या बनी हुई थी, जिसे भूमिगत नाली बनवाकर दूर किया गया। अच्छे लाल के घर से मुनीश्वर के घर तक भी भूमिगत नाली निर्माण के माध्यम से जल निकासी की समस्या का समाधान कराया गया है।
शवदाह गृह और आवास निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति
ग्राम प्रधान मंटू राजभर ने बताया कि सक्षम अधिकारियों के विशेष प्रयास से ग्राम पंचायत में शवदाह गृह का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास के लिए वे चुनाव से पहले ही संकल्पित थे और आज उसका परिणाम धरातल पर दिखाई दे रहा है। अब तक ग्राम पंचायत में 200 से अधिक आवासों का निर्माण कराया जा चुका है। साथ ही अन्नपूर्णा भवन के लिए चयन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और शीघ्र ही उसका निर्माण कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा।
ग्रामीणों ने की कार्यों की सराहना
ग्राम पंचायत के राम मूरत, दशरथ राजभर, दिलीप राजभर, मुनेश्वर राजभर, तूफानी और फतेह बहादुर सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान के कार्यकाल में जटिल से जटिल समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया गया है। विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
अंत में ग्राम प्रधान मंटू राजभर ने कहा कि उनका उद्देश्य ग्राम पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी लक्ष्य को लेकर वे निरंतर कार्य कर रहे हैं।