मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को दिया ज्ञापन, सोनबरसा के 100 बेड अस्पताल में दिव्यांगों के लिए रैंप बनवाने की उठाई मांग
बैरिया (बलिया)। अखिल भारतीय दिव्यांग संगठन इकाई बैरिया विधानसभा के अध्यक्ष अभिषेक सिंह गौतम के नेतृत्व में दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्रीय मांग पत्र प्रशासन को सौंपा। साथ ही सोनबरसा स्थित 100 बेड के नवनिर्मित अस्पताल के ब्लॉक ए व बी में दिव्यांगजनों के लिए रैंप बनवाने की मांग भी की गई। उपजिलाधिकारी बैरिया संजय कुशवाहा को दिए गए ज्ञापन में दिव्यांगजनों के उत्थान और उनकी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई।
अखिल भारतीय दिव्यांग संगठन के अध्यक्ष अभिषेक सिंह गौतम ने बताया कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए सरकार से कई महत्वपूर्ण मांगें की गई हैं। उन्होंने कहा कि देश भर में दिव्यांगजनों के लिए “एक राष्ट्र, एक पेंशन” व्यवस्था लागू की जाए, जिससे सभी दिव्यांगजनों को समान पेंशन का लाभ मिल सके।
इसके अलावा सभी थानों, तहसीलों, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए कम से कम तीन फीट चौड़ा रैंप बनवाने तथा सभी कार्यालयों में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 की दंडात्मक धाराओं को प्रदर्शित करने की मांग की गई।
संगठन ने मांग की कि सभी पात्र दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, नि:शुल्क बिजली तथा प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा, दिव्यांग परिवारों को भरण-पोषण सहायता तथा सभी बस स्टैंडों पर दिव्यांग अनुकूल रैंप, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। साथ ही प्रत्येक दिव्यांगजन को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
इसी क्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने सोनबरसा में बने 100 बेड के नए अस्पताल के ब्लॉक ए और ब्लॉक बी में दिव्यांगजनों के लिए रैंप बनवाने की मांग की। संगठन का कहना है कि अस्पताल में रैंप की व्यवस्था नहीं होने से दिव्यांगजनों को इलाज कराने में काफी परेशानी होती है, इसलिए अस्पताल परिसर में रैंप की सुविधा जल्द उपलब्ध कराई जाए।
उपजिलाधिकारी बैरिया संजय कुशवाहा ने दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी हरेराम यादव, नागेंद्र वर्मा, सपना देवी, जितेंद्र यादव, रहमत अली, कमलेन्द्र सिंह, नीतू सिंह, सत्यम साह, शैलेश यादव, रतन सिंह, मनोज, गुड्डू सिंह, गणेश सिंह, सुदामा यादव, प्रभुनाथ राम, मनीष वर्मा, प्रवीण वर्मा, दिनेश यादव, भुलन माली, रहीम अंसारी, सबीता वर्मा, सुनील ठाकुर, सुनील यादव, श्याम बाबू सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।