हल्दी (बलिया)। हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर कठही में हुए किशोर हत्या कांड के वांछित आरोपी को हल्दी पुलिस ने बुधवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बांए पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी सोनवानी भेजा गया। इलाज के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम मनोज यादव पुत्र शिवधारी यादव निवासी बबुआपुर कठही, थाना हल्दी, जनपद बलिया बताया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बबुआपुर कठही हत्या मामले का वांछित आरोपी मुड़ाडीह से सोनवानी जाने वाले मार्ग पर हनुमान मंदिर से करीब 300 मीटर पश्चिम मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हल्दी राजू कुमार राय तथा बसुधरपाह चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और आरोपी की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के बांए पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने 9 मार्च 2026 की रात रौनक यादव उर्फ नकी यादव (15) पुत्र नंदजी यादव निवासी बबुआपुर कठही की निर्मम हत्या कर दी थी और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
बताया जाता है कि सोमवार की शाम रौनक यादव घर से यह कहकर निकला था कि वह गांव से बारात में जा रहा है। देर रात बारात लौट आई, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार की सुबह घर से करीब 250 मीटर दूर एक छोटे बगीचे में ग्रामीणों ने उसका लहूलुहान शव देखा, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतक दोनों पाटीदार हैं और उनके बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपाशंकर ने बताया कि हल्दी पुलिस ने आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान हत्या के वांछित आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। घायल आरोपी का इलाज सीएचसी सोनवानी में कराया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।