बलिया। विकासखंड बांसडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत चांदपुर चकविलियम के ग्राम प्रधान रंजय कुमार सिंह ने एक भेंटवार्ता में अपने पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कम आबादी वाला यह छोटा ग्राम पंचायत है, लेकिन सीमित संसाधनों के बावजूद गांव में विकास कार्य स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
ग्राम प्रधान ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वपूर्ण योजना के तहत ग्राम सचिवालय भवन का निर्माण कराया गया है, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप पंचायत के ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल सके। ग्राम सचिवालय तक आवागमन सुगम बनाने के लिए झिक-झाक (इंटरलॉकिंग) सड़क का भी निर्माण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत की एक बस्ती नदी के उस पार स्थित है, जहां स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही पंचायत के 412 परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय का लाभ देकर उनका निर्माण भी कराया गया है, ताकि ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए न जाना पड़े।
ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत की कुछ बस्तियां बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आती हैं तथा ग्राम पंचायत की भूमि उपलब्ध न होने के कारण कुछ अन्य सरकारी भवनों का निर्माण नहीं हो पाया है। इसी कारण आरआरसी सेंटर व अन्नपूर्णा भवन का निर्माण भी नहीं हो सका है।
नाली निर्माण के संबंध में उन्होंने बताया कि जिन परिवारों के घरों का पानी निकालने की व्यवस्था नहीं थी, वहां भूमिगत नाली व सोख्ता का निर्माण कराया गया है।
इसमें सुदर्शन यादव के घर से हवलदार यादव के घर होते हुए नाले तक, रमेश यादव के घर से नाले तक तथा रमेश यादव के खेत से सत्येंद्र यादव के डेरा तक सीसी रोड का निर्माण कराया गया है।
इसके अलावा मुख्य मार्ग से वेद प्रकाश के घर तक पेवर्स ब्लॉक से सड़क का निर्माण कराया गया है।
प्राथमिक विद्यालय चांदपुर नंबर-1, नंबर-2 तथा कंपोजिट विद्यालय में भी आवश्यक विकास कार्य कराए गए हैं।
ग्राम पंचायत में चबूतरे का निर्माण भी कराया गया है, जिससे गर्मी के मौसम में लोगों को बैठने के लिए छाया की सुविधा मिल सके।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जिस उम्मीद के साथ उन्होंने अपना बहुमूल्य वोट देकर रंजय कुमार सिंह को ग्राम प्रधान चुना है, वे उसी विश्वास के साथ ग्राम सभा के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान ने बताया कि उनके प्रयास से ग्राम पंचायत में ब्लॉक प्रमुख निधि, एमएलसी निधि और विधायक निधि से भी कई विकास कार्य कराए गए हैं।
एमएलसी निधि से बबलू यादव के डेरा से रमेश यादव के घर तक सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। वहीं सुरेंद्र यादव के घर से भोला यादव के घर तक झिक-झाक सड़क के साथ भूमिगत नाली का निर्माण कराया गया है।
विधायक निधि से सती माता स्थान से रंजय सिंह के दरवाजे तक सीसी रोड तथा मुख्य मार्ग से मुन्ना के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि विधायक निधि व प्रमुख निधि से कुछ कार्य प्रस्तावित भी हैं, जिनमें सत्येंद्र यादव के डेरा से चौरसिया बस्ती तक सीसी रोड तथा हरेराम के डेरा से भारत यादव के मकान तक सड़क निर्माण शामिल है। बजट मिलते ही इन कार्यों को शुरू करा दिया जाएगा।
अंत में ग्राम प्रधान रंजय कुमार सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत के हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।