देर रात आग लगने से पांच रिहायशी झोपड़ियां खाक, दो लोग झुलसे

बलिया: बांसडीह तहसील क्षेत्र के अकोल्ही गांव में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर श्रीराम राजभर और हरेराम राजभर की करीब पांच रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। झोपड़ियों में रखा हजारों रुपये का घरेलू सामान भी आग में नष्ट हो गया।
बताया जा रहा है कि श्रीराम राजभर का परिवार रात में भोजन करने के बाद सो रहा था, तभी अचानक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पास में स्थित हरेराम राजभर की झोपड़ियों तक फैल गईं। आग लगने से गांव में देर रात अफरा-तफरी मच गई।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के प्रयास में 45 वर्षीय श्रीराम राजभर और 43 वर्षीय हरेराम राजभर झुलस गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे में एक बकरा जलकर मर गया, जबकि एक भैंस और दो बकरियां झुलसकर घायल हो गईं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।

टिप्पणियाँ