नई दिल्ली। आचार्य प्रमोद कृष्णम जी के आवास पर पैर फिसल जाने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल गाज़ियाबाद स्थित यशोदा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों द्वारा उनकी सर्जरी की गई। बताया जा रहा है कि उनके माथे पर दो इंच से अधिक गहरा घाव हुआ है और लगभग 40 टांके लगाए गए हैं।
आचार्य प्रमोद कृष्णम जी का हालचाल जानने के लिए श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि नन्द गिरि जी महाराज अस्पताल पहुंचे। उनके साथ अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता महंत नारायण गिरि जी महाराज, सचिव कंचन गिरि जी महाराज सहित अन्य संत भी मौजूद रहे।
इस दौरान स्वामी चक्रपाणि नन्द गिरि जी महाराज ने आचार्य प्रमोद कृष्णम जी का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। आचार्य प्रमोद कृष्णम जी ने बताया कि वे पूर्ण साहस और धैर्य के साथ स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
स्वामी चक्रपाणि नन्द गिरि जी महाराज ने कहा कि आचार्य प्रमोद कृष्णम जी पहले भी कठिन परिस्थितियों का दृढ़ता से सामना कर चुके हैं और उन्हें विश्वास है कि वे शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः धर्म एवं राष्ट्र सेवा में सक्रिय होंगे।
अंत में उपस्थित संतों ने ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु होने की प्रार्थना की।