माता-पिता की याद में जरूरतमंदों के बीच साड़ी व भोजन का वितरण

दुबहर (बलिया)। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम पंचायत ओझवलिया में सहकारी बैंक बलिया के सेवानिवृत्त प्रबंधक एवं पूर्व प्रधान विनोद दुबे के भतीजे अतुल दुबे ‘मुन्ना’ द्वारा अपने पिता स्वर्गीय वरमेश्वर दुबे तथा माता स्वर्गीय शारदा दुबे की पावन स्मृति में उनकी 50वीं पुण्यतिथि पर 251 जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी, कपड़े व नगद राशि का वितरण किया गया। साथ ही सभी के लिए भोजन (अन्नदान) की भी व्यवस्था कराई गई।

इस दौरान पूर्व बैंक प्रबंधक अतुल दुबे और पूर्व प्रधान विनोद दुबे ने जब संयुक्त रूप से जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी भेंट की, तो कई चेहरों पर आत्मिक संतोष की झलक दिखाई दी। कई बुजुर्ग महिलाएं साड़ी लेते समय भावुक हो उठीं और परिवार को हाथ उठाकर आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. वरमेश्वर दुबे एवं स्व. शारदा दुबे के चित्र पर परिवारजनों सहित सैकड़ों लोगों द्वारा पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने उनके सत्कर्मों, विचारों और संस्कारों को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण गुप्ता ने कहा कि संसार में माता-पिता से बढ़कर धरती पर कोई देवता नहीं है। माता-पिता की पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों के बीच साड़ी वितरण करना अत्यंत सराहनीय, पुण्य और समाजसेवा का कार्य है। यह न केवल पितृ ऋण से मुक्ति का एक माध्यम है, बल्कि दिवंगत आत्माओं को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का भी अनुकरणीय तरीका है।
विशिष्ट अतिथि पिपरा ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि अमित दुबे ने कहा कि शास्त्रों के अनुसार वस्त्र दान सबसे पवित्र दानों में से एक है, जो सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक है। स्व. वरमेश्वर दुबे और स्व. शारदा दुबे के जीवन में भी उदारता और करुणा प्रमुख मूल्य रहे हैं, और उनकी पुण्यतिथि पर किया गया यह सेवा कार्य उन मूल्यों को साकार करता है।
इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि हर्ष नारायण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार सुनील शुक्ला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजित तिवारी, कछुआ ग्राम प्रधान बलिराम यादव, पंकज दुबे, अक्षयवर मिश्रा, अखिलेश ओझा, किशोर दुबे, वीरेंद्र दुबे, सोनू शुक्ला, संतोष दुबे, सुधीर शुक्ला, सुरेंद्र दुबे, सुनील दुबे, शिक्षक सोनू दुबे, अनीस मिश्रा, विवेक दुबे, पिंटू राय, अक्षय कुमार, अवधेश वर्मा, डॉ. दीनदयाल मिश्रा, नित्यानंद चौबे, राजा दुबे, रणविजय पांडेय, लक्की सिंह सहित सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार श्रीशचंद्र पाठक ने की, जबकि संचालन आचार्य पं. हजारी प्रसाद द्विवेदी स्मारक समिति के प्रबंधक सुशील दुबे ने किया।

टिप्पणियाँ