बलिया। विकासखंड बांसडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत महाराजपुर में सीमित संसाधनों और प्रशासनिक अड़चनों के बावजूद विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुनीब कुमार यादव ने एक भेंटवार्ता में बताया कि ग्राम पंचायत भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन न्यायालय में वाद लंबित होने के कारण उसका संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्राम में चकबंदी न होने के कारण सरकारी जमीन चिन्हित नहीं हो सकी है, जिससे सामुदायिक शौचालय, आरआरसी सेंटर, बारात भवन और शवदाह गृह जैसे महत्वपूर्ण सरकारी निर्माण कार्य अब तक नहीं हो सके हैं।
इसके बावजूद ग्राम पंचायत में कई विकास कार्य कराए गए हैं। पीडब्ल्यूडी सड़क से सुग्रीव शर्मा के घर तक इंटरलॉकिंग एवं सीसी सड़क, महादनपुर सिवान से बहाली गोंड के घर तक, छितेश्वर यादव से मनीनाथ यादव के घर तक, रामायण साहनी से अशोक यादव के घर तक तथा रविदास मंदिर से नंदलाल के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है।
गांव में जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए सोखता गड्ढों का निर्माण कराया गया है।
साथ ही दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया है। ग्रामीणों को निजी शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे खुले में शौच की समस्या में कमी आई है।
प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को आवास योजना की सूची में शामिल किया गया है, ताकि बजट उपलब्ध होते ही उन्हें लाभ दिया जा सके।
इसके अलावा बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने के लिए उन्होंने अपने निजी संसाधनों से साधनों की व्यवस्था की है।
ग्राम पंचायत में स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट लगाई गई हैं, जिससे रात्रि में भी आवागमन सुरक्षित हो सका है।
शुद्ध पेयजल के लिए आरओ प्लांट की स्थापना के साथ ही हैंडपंपों का मरम्मत एवं रिबोर कार्य कराया गया है।
उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए, जिनकी खेती नदी के उस पार है, अपने निजी खर्च से नाव की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा गरीब कन्याओं के विवाह में आर्थिक सहयोग तथा किसी गरीब व्यक्ति की मृत्यु पर भी सहायता प्रदान की जाती है। हर वर्ष धनतेरस के अवसर पर गरीब एवं असहाय लोगों को वस्त्र और मिष्ठान वितरित कर सम्मानित किया जाता है।
अंत में मुनीब कुमार यादव ने कहा कि उनका संकल्प है कि ग्राम पंचायत के सभी पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और गांव का समग्र विकास सुनिश्चित हो।