साइकिल से घर लौट रहे मजदूर की बोलेरो की टक्कर से मौत


रिपोर्ट – दिनेश राजभर

मनियर (बलिया)। थाना क्षेत्र के नावट नंबर एक निवासी मजदूर हरिशंकर राजभर (55 वर्ष) पुत्र स्व. रामकिशुन राजभर की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, हरिशंकर राजभर रोज की तरह मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। वे साइकिल से जैसे ही चान्दुपाकड़ मनियर के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वे सड़क पर गिरकर तड़पने लगे।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मनियर पीएचसी ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक हरिशंकर राजभर अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी दो बेटियां सुमन (12 वर्ष), आरती (18 वर्ष) और दो बेटे धन्न जी (22 वर्ष), बुधन (14 वर्ष) हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी पत्नी  लीलावती गहरे सदमे से बेसुध पड़ी हुई हैं।

इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर है। लोग परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।


टिप्पणियाँ