आदर्श नगर पंचायत मनियर में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
रिपोर्ट दिनेश राजभर

मनियर (बलिया)। आदर्श नगर पंचायत मनियर के बड़ी बाजार, शांति कटरा के पास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान वार्ड नंबर 2 निवासी मंटू तुरैहा (28 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र तुरैहा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मंटू किसी कार्य से बड़ी बाजार गए थे, तभी अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक स्थिति गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उन्हें मनियर पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां कलावती देवी और पत्नी रम्भा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की एक वर्षीय पुत्री सोनम है। इस हृदयविदारक घटना से नगरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
टिप्पणियाँ