बैरिया में पिता ने की मासूम बेटे की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के सुरेमनपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना ने लोगों को झकझोर दिया। पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने ही एक वर्ष के मासूम बेटे की गड़ासे से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना शनिवार की शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सुरेमनपुर निवासी रूपेश तिवारी का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपनी पत्नी और पिता को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। भयवश पत्नी अपने ससुर के साथ गांव के ही एक व्यक्ति के घर चली गई, जबकि उसने अपने एक वर्षीय पुत्र किनू तिवारी और तीन वर्ष की बेटी को घर पर ही छोड़ दिया।

रविवार सुबह जब पत्नी घर लौटी तो देखा कि पति ने अपने मासूम बेटे किनू तिवारी पर गड़ासे से वार कर उसकी जबड़े तक को चीर दिया था। परिजन घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में आरोपी रूपेश तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरेमनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गड़ासा भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रूपेश तिवारी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्तमान में उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना न केवल गांव में बल्कि पूरे जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि पारिवारिक कलह किस हद तक भयावह रूप ले सकती है, इसका यह जघन्य उदाहरण है।
टिप्पणियाँ