गाँव की मिट्टी से सेना की वर्दी तक: लेफ्टिनेंट अभिनायक सिंह का भव्य स्वागत, क्षेत्र में जश्न का माहौल

रिपोर्ट : बसंत कुमार सिन्हा

बलिया। बलिया जनपद के इब्राहिमाबाद निवासी तथा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित अभिनायक सिंह (पिता अजय सिंह) के गांव आगमन पर पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास और उत्सव का माहौल देखने को मिला। देशसेवा में चयनित होने के बाद जब वे अपने गांव पहुंचे, तो उनका स्वागत सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से ही भव्य रूप में शुरू हो गया।

रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इसके बाद स्टेशन से गांव तक जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए। जैसे ही लेफ्टिनेंट अभिनायक सिंह गांव में पहुंचे, देशभक्ति नारों, ढोल-नगाड़ों और जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मिठाइयाँ बांटकर खुशी का इजहार किया और इसे गांव के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट अभिनायक सिंह ने कहा कि उनकी इस सफलता में माता-पिता और गुरुओं का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा बैरिया क्षेत्र में हुई, जहां शिक्षकों ने उन्हें मजबूत शैक्षणिक और नैतिक आधार प्रदान किया। इसके बाद उनका चयन नवोदय विद्यालय, लखनऊ में हुआ, जहां अनुशासन और परिश्रम ने उनके व्यक्तित्व को नई दिशा दी।

समारोह में ग्राम प्रधान अखिलेश सिंह, पूर्व प्रधान विनोद सिंह, धनंजय सिंह, सुनील सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने लेफ्टिनेंट अभिनायक सिंह की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लेफ्टिनेंट अभिनायक सिंह की यह उपलब्धि न केवल इब्राहिमाबाद गांव बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, परिश्रम ईमानदार हो और सही मार्गदर्शन मिले, तो गांव की गलियों से निकलकर देशसेवा तक का सपना अवश्य साकार किया जा सकता है।



टिप्पणियाँ