पशु क्रूरता के मामले में आरोपी गिरफ्तार, ग्रामीणों की सतर्कता से बची गाय
रिपोर्ट पवन गुप्ता
दुबहड़। थाना दुबहड़ क्षेत्र के संवरुबांध गांव में पशुओं के प्रति क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। आम जनता की सतर्कता से 22 दिसंबर 2025 को स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पशु के साथ क्रूरता करते हुए मौके पर पकड़ लिया और तत्काल इसकी सूचना थाना दुबहड़ पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अपराह्न करीब 13.35 बजे उप निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्त को विधिवत हिरासत में लिया। इस संबंध में थाना दुबहड़ पर मु0अ0सं0 148/2025 के तहत धारा 303(3)/317(2) बीएनएस एवं पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) में अभियोग पंजीकृत किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पिन्टू राजभर पुत्र मुन्ना राजभर, निवासी संवरुबांध, थाना दुबहड़, जनपद बलिया, उम्र लगभग 44 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से एक गाय बरामद की गई, जिसे पुलिस द्वारा सुरक्षित कराया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को माननीय न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका की सराहना की है, जिनकी तत्परता से पशु क्रूरता जैसा अपराध समय रहते उजागर हो सका।
थाना दुबहड़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के गैरकानूनी कृत्य की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
टिप्पणियाँ