रिपोर्ट… बसंत कुमार सिन्हा
दुबहर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घोड़हरा में इन दिनों विकास कार्यों को गति मिली है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद भारती ने भेंटवार्ता के दौरान बताया कि ग्राम पंचायत में ग्राम सचिवालय और सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सचिवालय एवं सामुदायिक शौचालय की स्थापना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को खुले में शौच की समस्या से मुक्ति मिलेगी और स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधान प्रतिनिधि ने विशेष रूप से मुस्लिम बस्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद से वहां विकास कार्यों की कमी रही थी। चुनाव के दौरान किए गए वादे के अनुरूप बस्ती के बीच स्थित गड्ढे की दो जेसीबी मशीनों से सफाई कराई गई,
जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान सोनम भारती के कार्यकाल में, प्रधान प्रतिनिधि विनोद भारती के सहयोग से कराए जा रहे कार्य यादगार साबित होंगे।
आर्सेनिक मुक्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई बस्ती में स्थित कुएं की सफाई, सुंदरीकरण, जगत की रंगाई-पुताई कराई गई है। साथ ही उस पर सोलर पैनल से संचालित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।
इसके अतिरिक्त उपाध्याय जी के गड्ढे की लगभग 10 वर्षों से लंबित सफाई कार्य भी इस कार्यकाल में पूरा कराया गया। ग्राम पंचायत में नाली, खड़ंजा और अंडरग्राउंड नाली निर्माण के माध्यम से जलजमाव की समस्या का समाधान किया गया है। अब गांव की लगभग सभी गलियों में आवागमन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।
प्रधान प्रतिनिधि विनोद भारती ने कहा कि ग्राम पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है।