रिपोर्ट पवन कुमार गुप्ता
दुबहर। आगामी महाशिवरात्रि एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुबहर थाना परिसर में थानाध्यक्ष अजय पाल की अध्यक्षता में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष अजय पाल ने उच्चाधिकारियों के निर्देशों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों की आड़ में किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। त्योहारों के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे, गश्त बढ़ाई जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
थानाध्यक्ष ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने या असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अराजक तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।