रिपोर्ट बसंत कुमार सिन्हा
रेवती विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भोपतपुर में प्रधान राकेश कुमार चौहान के नेतृत्व में विकास कार्यों ने नई गति पकड़ी है। ग्राम प्रधान ने भेंटवार्ता में बताया कि पूर्व में निर्मित ग्राम पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय का सुंदरीकरण कर उसे सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर वातावरण में सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में लंबे समय से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए राजवंशी बाबा मंदिर से बागसारी ताल तक नाले का निर्माण कराया गया। अब पानी को सुव्यवस्थित तरीके से ग्राम पंचायत के निर्धारित गड्ढे में प्रवाहित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
प्रधान राकेश कुमार चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत की अधिकांश गलियों और सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया गया है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। अन्नपूर्णा भवन के निर्माण हेतु भूमि का प्रस्ताव भेजा गया है, स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत में अंत्येष्टि स्थल की आवश्यकता को देखते हुए जिलाधिकारी से इसकी मांग की गई है तथा इसके लिए भूमि भी उपलब्ध कराई जा चुकी है।
प्रधान का कहना है कि उनका लक्ष्य ग्राम पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है और इसी संकल्प के साथ वे निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।