रिपोर्ट बसंत कुमार सिन्हा
बलिया। जनपद बलिया के विकासखंड दुबहर अंतर्गत ग्राम पंचायत दोपही में विकास कार्यों को नई गति मिली है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गणेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता, शिक्षा, पेयजल, सड़क एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन के तहत आरआरसी सेंटर का निर्माण कराया गया है तथा कूड़ा संग्रहण के लिए वाहन की व्यवस्था की गई है। खुले में शौच मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है, जिसका ग्रामीण नियमित उपयोग कर रहे हैं।
पंचायत क्षेत्र के आधे से अधिक सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, शेष स्थानों पर भी शीघ्र स्थापना की प्रक्रिया जारी है। वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी की टंकी निर्माणाधीन है, जिससे भविष्य में प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। पंचायत भवन का निर्माण कर एक ही छत के नीचे सभी सरकारी योजनाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना से विद्यार्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधा मिल रही है।
इसके अतिरिक्त दो प्राथमिक विद्यालयों का 19 बिंदुओं के मानक के अनुरूप कायाकल्प कराया गया है।
लगभग 20 वर्षों से लंबित मार्गों पर सीसी रोड एवं इंटरलॉकिंग कार्य कराकर ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा प्रदान की गई है।
प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।