मनरेगा आईडी बाधित होने से ग्राम पंचायत नंदपुर में विकास कार्य ठप, ग्राम प्रधान ओम प्रकाश पांडेय ने शीघ्र समाधान की उठाई मांग
बलिया। विकासखंड बेलहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत नंदपुर के ग्राम प्रधान एवं प्रधान संघ बेलहरी के अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय ने भेंटवार्ता के दौरान ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामवासियों को एक छत के नीचे सभी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से पंचायत भवन का निर्माण कराया गया है।


उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय तथा कूड़ा प्रबंधन के लिए आरआरसी सेंटर का निर्माण कराया गया है। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर डस्टबिन भी लगाए गए हैं, जिससे ग्राम पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में मदद मिल रही है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों पर पेवर्स ब्लॉक से सड़क निर्माण कराया गया है। शिवाजी पांडे के घर से बलिंदर के घर तक, प्रभुनाथ राम के घर से रामनाथ राम के घर तक, परशुराम पांडे के घर से हृदयानंद उपाध्याय के घर तक तथा अजय पांडेय के घर से संजय पांडेय के घर तक पेवर्स ब्लॉक का कार्य पूर्ण कराया गया है। इन कार्यों से विशेषकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत मिल रही है।

होली पर्व को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। जहां-जहां लाइट खराब है, वहां मरम्मत कार्य भी कराया जा रहा है ताकि रात्रि में किसी को असुविधा न हो।
प्रधान संघ बेलहरी के अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास की रीढ़ मनरेगा को माना जाता है, किंतु वर्तमान में मनरेगा की आईडी जनरेट न होने के कारण नए कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहे हैं तथा पूर्व में कराए गए पक्के कार्यों का भुगतान भी लंबित है। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने उच्च अधिकारियों से मांग की कि मनरेगा की आईडी शीघ्र जनरेट कराकर विकास कार्यों को गति दी जाए।
अंत में उन्होंने कहा कि विकासखंड बेलहरी की सभी ग्राम पंचायतों के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं।


टिप्पणियाँ