कायाकल्प योजना से निखरा रोहुआ पंचायत भवन, विकास कार्यों में तेजी: प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार गोंड


बलिया। विकासखंड बेलहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत रोहुआ में इन दिनों विकास कार्यों को नई गति मिली है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि पंचायत भवन पूर्व से निर्मित था, जिसे कायाकल्प योजना के अंतर्गत रंग-रोगन, बाउंड्री वॉल, मुख्य द्वार एवं समुचित सुंदरीकरण के साथ सुसज्जित कराया गया है। इससे अब ग्राम पंचायत के नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ सुगमता से मिल पा रहा है।

उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है, जिससे खुले में शौच की प्रवृत्ति पर रोक लगी है और स्वच्छता की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
आरआरसी सेंटर के निर्माण के संबंध में प्रधान प्रतिनिधि ने स्पष्ट किया कि जमीनी विवाद के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। इस विषय में उपजिलाधिकारी एवं जिलाधिकारी को लिखित सूचना दे दी गई है। विवाद का समाधान होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि अन्नपूर्णा भवन के लिए भूमि उपलब्ध है और चयन की प्रक्रिया पूर्ण होते ही उसका निर्माण भी कराया जाएगा। ग्राम पंचायत की मेघा पासवान बस्ती में सड़क पर गिर रहे पानी की समस्या के समाधान हेतु नाली निर्माण कराया गया है, जिससे जल निकासी सुचारु हो गई है। वहीं मिल्की बस्ती में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए लगभग 20 सोखता गड्ढों का निर्माण कराया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है।
प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि ग्राम पंचायत में अन्य आवश्यक विकास कार्य भी कराए गए हैं तथा शासन की मंशा के अनुरूप भविष्य में भी कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने दोहराया कि ग्राम पंचायत की जनता के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।
टिप्पणियाँ