जनाड़ी तिराहे पर दो बुलेट की टक्कर में एक की मौत, एक गंभीर
रिपोर्ट पवन कुमार गुप्ता

दुबहर। एनएच-31 से जनेश्वर मिश्र सेतु जाने वाले मार्ग पर स्थित जनाड़ी तिराहे के पास बुधवार देर रात दो बुलेट मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगवा निवासी अखिलेश पांडेय (32), पुत्र नंद गोपाल पांडेय, रात करीब 10 बजे अपने मित्र अवनीश ओझा के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से किसी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बिसेनीडेरा निवासी कुनाल सिंह (20), पुत्र संगम सिंह, की बुलेट से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर जनाड़ी तिराहे पर स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों के परिजनों को सूचना दी गई और बिना देर किए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अखिलेश पांडेय को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कुनाल सिंह की प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

टिप्पणियाँ